हरिद्वार में कांवड़ यात्री हजारों मीट्रिक टन कूड़ा छोड़ गए हैं। ऐसे में इसे साफ करने के लिए योजना तैयार की जा रही है। जिला प्रशासन की ओर से शनिवार से वृहद सफाई अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए जिले को 14 जोन में बांटा गया है। स्वच्छता अभियान को सफल बनाने के लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने शुक्रवार को सभी विभागाध्यक्षों के साथ बैठक की और जिम्मेदारी सौंपी। इसके लिए जोनल और नोडल अधिकारियों को भी नामित किया गया है।
इसमें गंगा घाटों की सफाई के लिए सुबह 7:30 बजे विशेष अभियान चलाया जाएगा। जोनल और नोडल अधिकारियों के साथ एचआरडीए सभागार में की गई बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र सिंह डोबाल, उपाध्यक्ष एचआरडीए अंशुल सिंह, मुख्य विकास अधिकारी आकांक्षा कोंडे, मुख्य नगर आयुक्त नंदन कुमार और डीएफओ वैभव कुमार सिंह समेत अन्य विभागाध्यक्ष शामिल हुए।
जिलाधिकारी ने सभी जोनल और नोडल अधिकारियों को निर्देश दिए हैं सुबह शुरू होने वाले विशेष स्वच्छता अभियान के तहत मुख्य घाटों और कांवड़ यात्रा मार्ग पर काम किया जाएगा। दायित्वों का निर्वहन सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ करेंगे।
इसमें आम जन, जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संगठनों, संस्थाओं, व्यापार मंडल, संत समाज का भी सहयोग लिए जाएगा। उपाध्यक्ष एचआरडीए अंशुल सिंह ने स्वच्छता अभियान को सफल बनाने के लिए सभी नोडल अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि कार्यक्रम में शामिल होने वाले को मास्क, ग्लब्स और कूड़ा कचरा एकत्रित करने के लिए बैग दिए जाएंगे।