हल्द्वानी के प्रवेश द्वार पर स्व. जनरल बी.सी. जोशी के नाम पर बनेगा एक भव्य द्वार – गणेश जोशी


हल्द्वानी/नैनीताल-प्रदेश के कृषि, ग्राम्य एवं सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने गुरुवार को अपने कुमाऊं दौरे के दौरान सर्किट हाउस काठगोदाम में जनपद नैनीताल के कृषि, उद्यान, सैनिक कल्याण और ग्राम्य विकास विभागों की समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने केंद्र व राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी ली और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि लखपति दीदी, पलायन रोकथाम योजना, ऐपल मिशन, कीवी मिशन, प्राकृतिक खेती, मौन पालन, मधुग्राम विकास, तथा पॉलीहाउस स्थापना जैसी योजनाएँ किसानों और ग्रामीण महिलाओं की आजीविका को मजबूत करने में महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन योजनाओं का शत-प्रतिशत क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए और लाभ वास्तविक पात्रों तक समय पर पहुँचे।

उन्होंने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत लंबित दावों का तत्काल निस्तारण कर किसानों को समय पर राहत उपलब्ध कराने को कहा। कृषि विभाग द्वारा वितरित किए जा रहे उपकरणों की गुणवत्ता की समीक्षा पर विशेष जोर देते हुए उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसानों को मिलने वाली सामग्री उपयोगी और टिकाऊ हो। उन्होंने न्याय पंचायत स्तर तक तय लक्ष्यों को पूरा करने और बीज, खाद तथा पेस्टीसाइड की उपलब्धता समयबद्ध सुनिश्चित करने को भी कहा। मंत्री ने भूमि संरक्षण अधिकारियों को जियो लाइन टैंक की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए तथा जनपद में मिलेट उत्पादन बढ़ाने पर जोर दिया। साथ ही उन्होंने सभी अधिकारियों को बिना तैयारी बैठक में न आने की सख्त चेतावनी दी।

ग्राम विकास विभाग की समीक्षा के दौरान मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय योजना में अधिक से अधिक लाभार्थियों को जोड़ा जाए। उन्होंने रिप परियोजना के तहत चल रही योजनाओं का लाभ व्यापक स्तर पर आम लोगों तक पहुँचाने के निर्देश दिए। कृषि, उद्यान और ग्राम्य विकास विभागों के बीच आपसी समन्वय मजबूत करने और जनप्रतिनिधियों के साथ निरंतर संवाद बनाए रखने की भी आवश्यकता बताई।

सैनिक कल्याण विभाग की समीक्षा में मंत्री ने हल्द्वानी में शहीदों के आश्रितों और उनके बच्चों के लिए बनाए जा रहे हॉस्टल की भूमि संबंधी प्रक्रिया को 15 दिनों में संयुक्त निरीक्षण कर पूर्ण करने तथा एस्टीमेट शीघ्र भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला सैनिक विश्राम गृह एवं कार्यालय के पुनर्निर्माण को आवश्यक बताते हुए इसके लिए भी शीघ्र एस्टीमेट तैयार करने की बात कही।

मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि हल्द्वानी में शहीदों के आश्रितों और उनके बच्चों के लिए बनने वाले हॉस्टल स्व. जनरल बी.सी. जोशी के नाम पर रखा जाएगा। सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि हल्द्वानी के प्रवेश द्वार पर स्व. जनरल बी.सी. जोशी के नाम पर एक भव्य द्वार का निर्माण भी शीघ्र किया जाएगा। मंत्री ने इस संबंध में कुमाऊं कमिश्नर तथा जिलाधिकारी नैनीताल को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए निर्माण से संबंधित कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह पहल भविष्य में आने वाली पीढ़ियों को शहीदों के योगदान और उनके बलिदान की याद दिलाने का कार्य करेगी।

इस अवसर पर कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल सहित अन्य विभागीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।



Source link

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में राज्य से जुड़े 17 अहम प्रस्तावों पर मुहर लगी। बैठक में सहकारिता, परिवहन, स्वास्थ्य, कार्मिक और ऊर्जा विभाग से जुड़े कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए। औषधि और सर्जिकल सामग्री की खरीद के लिए उत्तराखंड मेडिकल सप्लाई कॉरपोरेशन के गठन को मंजूरी दी गई। यह कॉरपोरेशन मुख्य सचिव की अगुवाई में काम करेगा और औषधि, सर्जिकल सामग्री व रसायनों की खरीद करेगा। बैठक में राष्ट्रीय रोग नियंत्रण केंद्र के लिए हरिद्वार में एक एकड़ भूमि देने और कारापाल सेवा नियमावली को मंजूरी देने का निर्णय भी लिया गया। सहकारिता नीति-2026 को मंजूरी देने के साथ ही सीएनजी वाहनों को ग्रीन सेस में मिली छूट जारी रखने का फैसला किया गया। लोकायुक्त खोजबीन समिति को मंजूरी उत्तराखंड लोकायुक्त अधिनियम, 2014 के तहत सदस्यों के चयन के लिए उत्तराखंड लोकायुक्त खोजबीन समिति-2026 के गठन को मंजूरी दी गई। उत्तराखंड आबादी सर्वेक्षण अभिलेख नियमावली को भी स्वीकृति दी गई। सीड्स निगम के कर्मचारियों का समायोजन उत्तराखंड सीड्स एवं डेवलपमेंट कॉरपोरेशन के तृतीय और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को अन्य विभागों में समायोजित किया जाएगा। इन कर्मचारियों को ऊधमसिंह नगर और आसपास के जिलों में भेजने का निर्णय लिया गया है। रिस्पना नदी के किनारे काठ बंगला क्षेत्र में बने 116 आवासों में रह रहे मलिन बस्ती के लोगों से ली जाने वाली 10 प्रतिशत राशि अब सरकार वहन करेगी। शहरी निकायों में पेयजल और सीवरेज कार्यों के लिए भी मंजूरी दी गई। ऋषिकेश में कैंसर इंस्टीट्यूट का प्रस्ताव मंजूर अंत्योदय फाउंडेशन की ओर से ऋषिकेश में कैंसर इंस्टीट्यूट स्थापित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। उत्तराखंड निजी विश्वविद्यालय अधिनियम के तहत उत्तरांचल विश्वविद्यालय की नियमावली को भी स्वीकृति प्रदान की गई। उपनल कर्मचारियों को तीन चरणों में समान कार्य-समान वेतन उपनल कर्मचारियों को तीन चरणों में समान कार्य-समान वेतन देने का निर्णय लिया गया है। दूसरा चरण नौ नवंबर से शुरू होगा। वर्ष 2018 तक नियुक्त कर्मचारियों को समान कार्य-समान वेतन का लाभ मिलेगा। एक जनवरी 2016 से ब्रेक वाले कर्मचारियों को महंगाई भत्ता देने का फैसला किया गया है। स्वीकृत पदों के सापेक्ष काम नहीं कर रहे उपनल कर्मचारियों की स्थिति के आधार पर नए पद सृजित किए जाएंगे। इसके लिए शासन स्तर पर समिति गठित होगी। कर्मचारियों को परिवर्तनीय महंगाई भत्ता भी मिलेगा। नए पद सृजित नहीं होने की स्थिति में समायोजन किया जाएगा। अग्निवीरों के लिए बनेगा अलग प्रकोष्ठ सेवा मुक्त होकर लौटने वाले अग्निवीरों के लिए समर्पित प्रकोष्ठ बनाया जाएगा। इसके लिए छह पदों का प्रस्ताव रखा गया था। अग्निवीरों से संबंधित कार्यों के लिए अलग सेल गठित की जाएगी। 1320 मेगावाट का पावर प्लांट लगाएगा अडानी यूपीसीएल की ओर से 1320 मेगावाट के कोयला आधारित पावर प्लांट के लिए न्यूनतम बोलीदाता अडानी को जिम्मेदारी दी गई है। छत्तीसगढ़ में कोल ब्लॉक का आवंटन हो चुका है। अडानी पावर यह प्लांट स्थापित करेगा। परियोजना 25 वर्ष के लिए दी गई है। क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत के लिए बजट बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत के लिए पंचायतों और निकायों को बजट की कमी नहीं होने दी जाएगी। अधिकारियों को निविदा प्रक्रिया तत्काल पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि बारिश के बाद तुरंत काम शुरू कराया जा सके। आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता पर नजर चीनी समेत आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता और जमाखोरी पर अधिकारी लगातार नजर रखेंगे। सरकार ने अधिकारियों को बाजार में आपूर्ति व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी तरह की कालाबाजारी पर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। गांवों में लगेंगी शहीदों की प्रतिमाएं उत्तराखंड के शहीदों की प्रतिमाएं उनके गांवों में स्थापित की जाएंगी। सरकार ने इस संबंध में भी प्रस्ताव को मंजूरी दी है।