मोदी-मोदी’ के नारों से गूंजा देहरादून, भाजपा कार्यकर्ताओं ने लिया विकसित भारत का संकल्प


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा और समर्पण के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर बुधवार को देहरादून में भाजपा महानगर की ओर से ‘सेवा ज्योति यात्रा’ निकाली गई। परेड ग्राउंड स्थित बहुउद्देशीय सभागार में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन सुना। इस दौरान सभागार ‘मोदी-मोदी’ के नारों से गूंज उठा।
प्रधानमंत्री के आह्वान पर कार्यकर्ताओं ने ‘I Will Do It’ के उद्घोष के साथ वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने का प्रण लिया। अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों के अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि वह कल भी विद्यार्थी थे और आज भी स्वयं को विद्यार्थी मानते हैं। इस यात्रा में सामने आई हर घटना ने उन्हें कुछ न कुछ सिखाया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि जीत ने उन्हें विनम्र रहना, शुभचिंतकों ने प्रोत्साहित करना, आलोचकों ने आत्ममंथन करना और साथ देने वालों ने विश्वास की शक्ति सिखाई। वहीं, विरोध करने वालों से लोकतंत्र की ताकत को समझने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि कर्म ही उनके लिए सब कुछ है और भारत के प्राचीन गौरव को पुनर्जीवित करना हर देशवासी के हृदय में संकल्प होना चाहिए।
प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत ने अतिथियों और कार्यकर्ताओं को विकसित भारत-2047 का संकल्प दिलाया।
इसके बाद राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं प्रदेश प्रभारी राम माधव, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, सांसद नरेश बंसल, प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, दीप्ति रावत और महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल के नेतृत्व में सेवा ज्योति यात्रा निकाली गई। यात्रा परेड ग्राउंड से सर्वे चौक, कनक चौक और रेसकोर्स होते हुए लैंसडाउन चौक पहुंची। यहां विशाल दीप प्रज्वलित कर सेवा, समर्पण और विकसित भारत के संकल्प का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, विजय बहुगुणा, महानगर प्रभारी राकेश गिरी, विधायक विनोद चमोली, उमेश शर्मा काऊ, सविता कपूर, बृजभूषण गैरोला, सहदेव सिंह पुंडीर, प्रेमचंद अग्रवाल समेत पार्टी के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी, पार्षद और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।



Source link

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *