‘डाट काली में मन्नत मांगकर आई हूं, तीसरी बार बनेगी भाजपा सरकार’ : बांसुरी स्वराज


भाजपा की नवनियुक्त सहप्रभारी एवं दिल्ली की सांसद बांसुरी स्वराज ने कहा कि वह देहरादून पहुंचने से पहले डाट काली माता मंदिर में मन्नत मांगकर आई हैं कि उत्तराखंड में भाजपा की तीसरी बार सरकार बने। उन्होंने कहा कि यदि प्रदेश में भाजपा की तीसरी बार सरकार बनती है तो वह डाट काली मंदिर में भंडारा कराएंगी।
शुक्रवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए बांसुरी स्वराज ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर संगठन की तैयारियों पर चर्चा की। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभी से चुनावी तैयारियों में जुटने और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का आह्वान किया।
बांसुरी स्वराज प्रदेश प्रभारी राम माधव और सहप्रभारी अरविंद मेनन के साथ उत्तराखंड पहुंची हैं। पार्टी में नई जिम्मेदारी मिलने के बाद तीनों नेताओं का यह पहला विस्तृत संगठनात्मक प्रवास है। दो दिवसीय प्रवास के दौरान प्रदेश के नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ संगठन की गतिविधियों तथा आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर मंथन किया जाएगा।
बैठक में संगठन के कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने, बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने और जनता के बीच लगातार संपर्क बनाए रखने पर जोर दिया गया। इस दौरान प्रदेश संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से जमीनी स्तर की स्थिति का फीडबैक भी लिया जाएगा।
बांसुरी स्वराज ने कार्यकर्ताओं से कहा कि आगामी चुनाव को ध्यान में रखते हुए संगठन की गतिविधियों को और सक्रिय किया जाए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं एवं उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने के साथ संगठन के कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया।



Source link

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *