महिला की गोली मारकर हत्या, पुलिस को फोन कर पति ने दी सूचना; फिर मोबाइल बंद कर फरार


क्लेमेनटाउन थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह 26 वर्षीय महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतका की पहचान काजल पंवार पत्नी धीरज पंवार के रूप में हुई है। घटना के बाद से उसका पति फरार है। बताया जा रहा है कि पति ने ही पुलिस कंट्रोल रूम को फोन कर पत्नी को गोली मारने की सूचना दी थी। इसके बाद उसका मोबाइल फोन बंद हो गया। मृतका के भाई की तहरीर पर पुलिस ने पति के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, सोमवार सुबह करीब छह बजे धीरज पंवार ने पुलिस कंट्रोल रूम को फोन कर अपनी पत्नी को गोली मारने की सूचना दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने उससे दोबारा संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उसका मोबाइल स्विच ऑफ मिला। पुलिस ने कॉल से मिली जानकारी के आधार पर घटनास्थल की तलाश शुरू की।

पुलिस टीम क्लेमेनटाउन क्षेत्र में एक प्लॉट के अंदर बने कमरे तक पहुंची। वहां महिला का शव पड़ा मिला। प्रारंभिक जांच में महिला की मौत गोली लगने से होने की बात सामने आई है। पुलिस और फील्ड यूनिट की टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य जुटाए। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

पति-पत्नी के बीच विवाद की भी जांच

पुलिस पूछताछ में मृतका के परिजनों ने बताया कि काजल और उसके पति के बीच पिछले कुछ दिनों से विवाद चल रहा था। पुलिस इस विवाद को भी घटना से जोड़कर जांच कर रही है। हालांकि, हत्या की वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि आरोपी पति की गिरफ्तारी के बाद घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का पता चल सकेगा।

आरोपी की तलाश में जुटीं पुलिस टीमें

मृतका के भाई की तहरीर पर क्लेमेनटाउन थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी पति की तलाश के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं। संभावित ठिकानों पर दबिश देने के साथ ही पुलिस तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर भी आरोपी तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

सीओ सदर अंकित कंडारी ने बताया कि मृतका के भाई की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगाई गई हैं। घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए गए हैं और मामले की जांच की जा रही है।



Source link

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *