इंडिया गठबंधन की रैली हताशा और निराशा का नतीजा: धामी।


दिल्ली के रामलीला मैदान में इंडिया गठबंधन की मेगा रैली को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विपक्ष पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों का इतिहास लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने का रहा है। आपातकाल लागू करने से लेकर चुनी हुई सरकारों को बर्खास्त करने तक के उदाहरण इनके कार्यकाल में रहे हैं। अब सत्ता से बाहर होने और जनता का विश्वास खोने के कारण विपक्षी दल हताशा और निराशा में इस तरह के आयोजन कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की जनता ने करीब 60 वर्षों तक कांग्रेस और उसके सहयोगियों के कामकाज को देखा है। यही वजह है कि जनता ने उन्हें सत्ता से बाहर किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी दल त्योहारों के दौरान विरोध प्रदर्शन कर आम लोगों और व्यापारियों की मुश्किलें बढ़ा रहे हैं।

धामी ने कहा कि दीपावली जैसे प्रमुख त्योहार के समय व्यापारी वर्ग ने राहुल गांधी, कांग्रेस और इंडिया गठबंधन से प्रदर्शन को त्योहारों के बाद आयोजित करने की अपील की थी। उनसे कारोबार प्रभावित नहीं करने और आमजन को परेशानी से बचाने का आग्रह किया गया था। इसके बावजूद विपक्ष ने रैली आयोजित की।

मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि विपक्ष देश में अराजकता का माहौल पैदा करने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसा प्रतीत होता है कि विपक्ष बांग्लादेश और नेपाल जैसे हालात बनाने की मंशा रखता है, ताकि सत्ता परिवर्तन का माहौल तैयार किया जा सके। उन्होंने यूरोपीय देशों में हुई हिंसक घटनाओं का जिक्र करते हुए विपक्ष की राजनीति पर सवाल उठाए।



Source link

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *